भोपाल , अप्रैल 03 -- मध्यप्रदेश के दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली की एक अदालत की ओर से तीन साल की सजा सुनाए जाने के बाद मध्यप्रदेश विधानसभा द्वारा उनकी सदस्यता रद्द करने के मामले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज दावा किया कि श्री भारती एक बार फिर से विधायक बनेंगे और कांग्रेस इस फैसले के खिलाफ उच्च अदालत का दरवाजा खटखटाने वाली है।
श्री पटवारी इस फैसले के बाद यहां संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अदालत का फैसला आने के कुछ ही समय बाद, कल देर रात विधानसभा सचिवालय खोल कर राजेंद्र भारती की सदस्यता विधानसभा द्वारा रद्द कर दी गई। इससे स्पष्ट होता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समाप्त कर दिया है।
उन्होंने कहा कि राजेंद्र भारती को अदालत की ओर से अभी आगे अपील करने के लिए 60 दिन का समय दिया गया है। ये एक तरह से मैसेज है कि अभी इनकी सदस्यता समाप्त नहीं की जा सकती, इनके पास न्याय के लिए आगे जाने का समय है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर पर राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द करने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर पेड न्यूज से जुड़ा एक मामला इसी अदालत में लंबित है, पर उन्होंने दो कार्यकाल पूरे किए और तीसरी बार हारे, तब तक उनकी सदस्यता पर कोई निर्णय नहीं हुआ। उन्होंने श्री तोमर पर भाजपा विधायकों को लगातार बचाने का भी आरोप लगाया।
श्री पटवारी ने दावा किया कि जिस प्रकार से विजयपुर के कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा की विधायकी बहाल रही, वैसे ही राजेंद्र भारती भी फिर से विधायक बनेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ इस मामले में अगली अदालत का दरवाजा खटखटाने वाली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित