बीजापुर , मई 23 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में चेरपाल निवासी एवं प्राथमिक शाला पालनार के प्रधानाध्यापक राजू पुजारी आत्महत्या प्रकरण में एक माह बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और परिजनों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

गोंडवाना भवन में शुक्रवार शाम आयोजित श्रद्धांजलि सभा में समाज प्रमुखों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने कैंडल जलाकर तथा दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय राजू पुजारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में तेलंगा समाज, सर्व आदिवासी समाज, महार समाज, कलार समाज समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि आत्महत्या के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे लोगों के विरुद्ध अब तक गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस जांच की गंभीरता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। समाज प्रमुखों ने कहा कि मामले में कार्रवाई की रफ्तार धीमी होने से पीड़ित परिवार और समाज में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

बीजापुर जनपद उपाध्यक्ष एवं तेलंगा समाज के संयोजक दिनेश पुजारी ने कहा कि राजू पुजारी के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो समाज व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

सभा में सर्व आदिवासी समाज के जिला सचिव कमलेश पैंकरा, गोंडवाना समन्वय समिति के अध्यक्ष अमित कोरसा, महार समाज के अध्यक्ष अजय दुर्गम सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित