बहराइच , अक्टूबर 23 -- अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजूदास ने बहराइच जिले की मटेरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव को 'कालनेमि' बताते हुए उन पर हिंदू आस्था के प्रति दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। वहीं, ओवैसी पर निशाना साधते हुए उन्होंने मुस्लिम समुदाय से उनके राजनीतिक विचारों से दूर रहने की अपील की। हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के मंडल अध्यक्ष मनीष पांडेय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में राजूदास ने सनातन धर्म के अनुयायियों से एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव की धरती ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है तथा यहां सनातन परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक एकजुटता के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।

राजूदास ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए दावा किया कि प्रदेश में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें हासिल कर सकती है। उन्होंने कहा कि हिंदू सुरक्षा सेवा संघ प्रदेश में हिंदू समाज को एकजुट करने और सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए काम कर रहा है।

सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए राजूदास ने उन पर हिंदू धार्मिक स्थलों और आस्था के मुद्दों पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हिंदू समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर टिप्पणी करते हुए राजूदास ने हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों से उनके राजनीतिक विचारों का समर्थन नहीं करने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी की राजनीति समाज में विभाजन को बढ़ावा देती है। राजूदास ने बहराइच जिले का नाम महाराजा सुहेलदेव के नाम पर रखने की मांग की। उन्होंने सूर्यकुंड परिसर में स्थित मजार को लेकर भी आपत्ति जताई और उसे हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के संरक्षण के साथ स्थानीय आस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित