तिरुअनंतपुरम , मई 26 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने मंगलवार को केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजीजू को पत्र लिखकर केंद्र सरकार से अपनी समीक्षा अधिकार का उपयोग कर 'उम्मीद' पोर्टल पर अपलोड की गयी कथित रूप से 'अवैध संपत्तियों' को हटाने की मांग की है।

श्री चंद्रशेखर ने कहा कि केरल वक्फ बोर्ड ने 'यूनिफाइड वक्फ मैनेजमेंट, एम्पावरमेंट, एफिशिएंसी एंड डेवलपमेंट' (उम्मीद) ढांचे और वक्फ अधिनियम के लागू प्रावधानों का पालन किये बिना ही मुनंबम की 404 एकड़ जमीन को पोर्टल पर पंजीकृत कर दिया है।उन्होंने बताया कि कानून के तहत केवल 'मुतवल्ली' (प्रबंधक) को ही उम्मीद पोर्टल पर वक्फ संपत्ति का रिकॉर्ड अपलोड करने का अधिकार है। इस मामले में यह अधिकार फारूक महाविद्यालय के पास है। इसके बावजूद वक्फ बोर्ड ने उचित प्रक्रिया का पालन किये बिना एकतरफा कार्रवाई करते हुए इस संपत्ति को पंजीकृत कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित