नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री तथा अपने पति राजीव गांधी से पहली मुलाकात का किस्सा साझा करते हुए कहा है कि उनके व्यक्तित्व में झलकने वाली विनम्रता ने उन्हें सबसे अधिक प्रभावित किया था और वह उस मुलाकात को कभी नहीं भूल सकतीं।
श्रीमती गांधी ने अपनी आने वाली संस्मरणात्मक पुस्तक 'बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव' मैं वर्णित किस्सों से जुड़ी एक वीडियो वीडियो जारी कर शनिवार को बताया कि इंग्लैंड में उन दिनों खाना उन्हें बहुत खराब लगता था। उस समय आज की तरह इतने रेस्तरां भी नहीं हुआ करते थे इसलिए वह लगातार ऐसी जगह तलाशती थीं, जहां उन्हें अपने स्वाद के करीब का खाना, खासकर इतालवी भोजन मिल सके।
उन्होंने बताया कि इसी तलाश के दौरान उन्हें एक ग्रीक रेस्तरां के बारे में पता चला जहां कई छात्र, विशेषकर यूरोपीय और भारतीय खाना खाने जाया करते थे। उसी रेस्तरां में उनकी राजीव गांधी से पहली मुलाकात हुई थी।
श्रीमती गांधी ने बताया कि पहली मुलाकात में ही उन्हें एहसास हो गया था कि श्री गांधी ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके साथ वह रहना चाहेंगी। बाद में उन्हें पता चला कि उन्होंने भी उनके बारे में ऐसा ही महसूस किया था।
श्रीमती गांधी ने बताया कि सबसे पहले हम दोनों के एक साझा मित्र ने हमारा परस्पर परिचय कराया था। इसके बाद वे दोस्त बन गए और मित्रों के साथ पार्टियों में जाने तथा दर्शनीय स्थलों को देखने लगे। श्रीमती गांधी ने एक वैलेंटाइन पार्टी का भी उल्लेख किया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए थे।
श्री गांधी को याद करते हुए श्रीमती गांधी ने कहा कि वह बहुत आकर्षक थे लेकिन उनके व्यक्तित्व में झलकने वाली विनम्रता ने उन्हें विशेष रूप से प्रभावित किया था। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी की यही सहजता उनके दिल को छू गई थी और वह उनसे पहली मुलाकात को कभी नहीं भूल सकतीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित