नयी दिल्ली , मई 21 -- युवा कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जिसमें करीब 355 यूनिट रक्तदान किया गया।
कांग्रेस के युवा संगठन ने कहा कि देश की एकता और अखंडता की मजबूती के लिए भारत रत्न राजीव गांधी ने जिस संकल्प, सद्भावना और दूरदर्शिता का परिचय दिया उसे याद करते हुए यह आयोजन किया गया तथा आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन वरुण पांडेय ने बताया कि कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड में आयोजित रक्तदान शिविर में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, युवा कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव, दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन, सांसद किशोरी लाल शर्मा, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, पूर्व विधायक कमलेश्वर पटेल, पूर्व दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी, कांग्रेस सचिव नेटा डिसूजा सहित कई अन्य प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि इस मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि राजीव गांधी दृढ़ इरादों वाले आधुनिक भारत के वास्तुकार थे, जिन्होंने भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया। उनका कहना था कि सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार क्षेत्र में उनकी दूरदर्शिता का लाभ देश आज भी उठा रहा है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु में युवाओं को मताधिकार देने सहित कई फैसलों ने देश के युवाओं को सशक्त बनाने का काम किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित