अलवर , अगस्त 09 -- राजस्थान में अलवर के राजकीय राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय में मरीजों की बढ़ती संख्या और मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के तहत दवा लेने के दौरान होने वाली परेशानी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने दो नए दवा वितरण काउंटर शुरू किए हैं।
रविवार को वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने दोनों काउंटरों का विधिवत शुभारंभ किया। नए काउंटर शुरू होने के साथ ही अस्पताल में मुख्यमंत्री निशुल्क दवा योजना के तहत संचालित काउंटरों की संख्या 14 से बढ़कर 16 हो गई है।
अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसके चलते निशुल्क दवा लेने के लिए काउंटर पर मरीजों की लंबी कतारें लग जाती थीं और उन्हें काफी समय तक इंतजार करना पड़ता था। अब दो अतिरिक्त काउंटर शुरू होने से दवा वितरण व्यवस्था को गति मिलेगी। मरीजों की भीड़ अलग-अलग काउंटर पर बंटने से कतारों में लगने वाला समय कम होने की उम्मीद है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर बीमारी से उपचार करा रहे मरीजों को विशेष राहत मिलेगी।
अस्पताल प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने नए दवा काउंटर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और दवा वितरण प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित