गरियाबंद, फरवरी 19 -- ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र में महानदी पर प्रस्तावित राजिम बैराज निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है।

यह मांग राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री के राजिम प्रवास के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजनों द्वारा प्रमुखता से रखी गई थी। राजिम धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नगरी है। महानदी, पैरी और सोंढूर नदी के त्रिवेणी संगम पर स्थित इस तीर्थ स्थल पर प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। बैराज निर्माण से नदी में वर्षभर जल भराव सुनिश्चित होगा, जिससे श्रद्धालुओं, साधु-संतों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छ एवं स्थायी जल उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही महानदी के संरक्षण और पुनरुद्धार को भी गति मिलेगी।

परियोजना के पूर्ण होने पर पर्यटन विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। नौकायन, बोटिंग और वॉटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पर्यटन आधारित आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।

इसके अतिरिक्त, राजिम समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत 136 ग्रामों के लिए सतत जल स्रोत सुनिश्चित होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या के समाधान में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। यह परियोजना जल संरक्षण और सतत जल प्रबंधन की दिशा में एक अनुकरणीय पहल साबित होगी।

राजिम बैराज परियोजना से क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलने के साथ-साथ आमजन की दैनिक सुविधाओं में उल्लेखनीय विस्तार होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित