गरियाबंद , सितंबर 29 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पैरी नदी की बाढ़ का पानी उतरने के बाद मंगलवार को राजिम त्रिवेणी संगम क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शवों की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पैरी नदी का जलस्तर कम होने के बाद चौबे बांधा-नवागांव एनीकट के पास एक शव दिखाई दिया, जबकि दूसरा शव राजिम के वार्ड क्रमांक एक स्थित मणिकंचन केंद्र के समीप नदी में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर राजिम पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि दोनों शव बाढ़ के तेज बहाव में बहकर यहां पहुंचे हो सकते हैं। हालांकि, दोनों मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई तथा शव कहां से बहकर आए।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थलों से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों सहित अन्य पहलुओं के आधार पर शवों की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों तथा शवों के नदी में पहुंचने की परिस्थितियों का पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित