चंडीगढ़ , अप्रैल 08 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राज्य में हाल ही में हुई भारी ओलावृष्टि के कारण फसलों को हुए व्यापक नुकसान के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
राजा वड़िंग ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि बठिंडा, मानसा, बरनाला, मलोट, गिद्दरबाहा, लंबी और अमृतसर (मजीठा) के कुछ हिस्सों सहित प्रमुख कृषि क्षेत्र पूरी तरह तबाह हो गये हैं। उन्होंने कहा कि कटाई के लिए लगभग तैयार खड़ी गेहूं और अन्य रबी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जबकि कई इलाकों में सब्जियों की फसलों को शत-प्रतिशत नुकसान हुआ है। महीनों की मेहनत के बाद मिलने वाली आय के पूरी तरह खत्म हो जाने से किसान गहरे संकट में हैं, जिससे ग्रामीण आर्थिक स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ गयी हैं। राजा वड़िंग ने केंद्र सरकार से निम्नलिखित मांगें की हैं कि फसल के नुकसान का विशेष और समयबद्ध मूल्यांकन (गिरदावरी) कराया जाये। वास्तविक नुकसान के अनुरूप मुआवजे की राशि बढ़ाई जाये। राहतकोष का वितरण तेजी से सुनिश्चित किया जाये। पूरी तरह फसल गंवा चुके सब्जी उत्पादकों के लिए एक अलग राहत तंत्र बनाया जाये। स्थिति की गंभीरता पर जोर देते हुए उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि राज्य में कृषि संकट को और गहराने से रोकने के लिए राहत प्रयासों को प्राथमिकता दी जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित