चंडीगढ़ , अप्रैल 23 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर उनका ध्यान कुख्यात अपराधी/गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जीवन पर आधारित बताये जा रहे वेब सीरिज 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' की ओर आकर्षित किया, जिसे एक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किए जाने की योजना है।

श्री वड़िंग ने प्रधानमंत्री को लिखा कि यह फिल्म/सीरीज़ ऐसे व्यक्ति का महिमामंडन करती है, जो कई जघन्य अपराधों में शामिल रहा है, जिनमें लोकप्रिय पंजाबी गायक सिद्धू मुसेवाला की निर्मम हत्या भी शामिल है। उन्होंने कहा, "हम पंजाब के लोग इस सीरीज़ का कई कारणों से कड़ा विरोध करते हैं। पहला, पंजाब गुरुओं, ऋषियों और पीरों की पवित्र धरती है। आपने स्वयं पंजाब में काफी समय बिताया है और यहां के इतिहास व संस्कृति से भली-भांति परिचित हैं।" उन्होंने सवाल उठाया, "क्या ऐसी पवित्र और गौरवशाली इतिहास व संस्कृति वाली धरती को किसी गैंगस्टर से जोड़ा जाना चाहिए?"उन्होंने कहा कि अपराध और गैंगस्टर संस्कृति का महिमामंडन युवाओं के कोमल मन पर खतरनाक और विनाशकारी प्रभाव डाल सकता है, जिससे वे अपराध की ओर आकर्षित हो सकते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अपराध और गैंगस्टर संस्कृति को हतोत्साहित करने के बजाय, यह वेब सीरीज़ उसे बढ़ावा देगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब को लॉरेंस बिश्नोई जैसे अपराधी से जोड़ना पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत का अपमान है। उन्होंने आग्रह किया, "हमें इस बुराई को शुरुआत में ही रोकना चाहिए और हम आपके व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग करते हैं ताकि इस सीरीज़ के प्रसारण पर रोक लगाई जा सके।" उन्होंने प्रधानमंत्री से यह भी अपील की कि वे सूचना एवं प्रसारण तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालयों को निर्देश देकर इस वेब सीरीज़ की रिलीज़ पर प्रतिबंध लगवाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित