चंडीगढ़ , मई 26 -- पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की कथित रूप से दलित जातियों को लेकर दिये गये बयान के वायरल वीडियो को लेकर स्वत: संज्ञान लिया।
इस संबंध में श्री गढ़ी ने बताया कि पंजाब की कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर आयोग के ध्यान में लायीं कि चुनाव प्रचार के दौरान राजा वड़िंग ने दलित जातियों के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया है।
श्री गढ़ी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने पुलिस अधीक्षक श्री मुक्तसर साहिब के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मुक्तसर साहिब से 29 मई 2026 तक रिपोर्ट तलब की है। साथ ही पुलिस को निर्देश दिये गये हैं कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का वॉयस सैंपल लेकर उसकी फॉरेंसिक जांच करवाई जाये और रिपोर्ट आयोग के समक्ष पेश की जाये।
आयोग ने कहा कि अनुसूचित जातियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी को गंभीरता से लिया जाएगा और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित