पटना , मार्च 24 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि अंचल अधिकारियों एवं राजस्व अधिकारियों के नौ मार्च से सामूहिक अवकाश के बावजूद राज्य में राजस्व संबंधी कार्य तेज गति से संचालित हो रहे हैं।

श्री सिन्हा ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 50 फीसदी से अधिक अधिकारी काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यालय से प्रति दिन इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम जनता को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी परिस्थिति में जनता के कार्य प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सामूहिक अवकाश की अवधि में भी विभागीय कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। इस दौरान अभी तक 12,163 दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) मामलों का निष्पादन किया गया।

परिमार्जन प्लस के तहत 16,777 छूटी हुई जमाबंदियों को ऑनलाइन किया गया।इसी के अंतर्गत 38,672 जमाबंदियों में सुधार किया गया। वहीं ई-मापी के 4,431 मामलों का निपटारा किया गया।

श्री सिन्हा ने कहा कि ये आंकड़े स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि राज्य सरकार की वैकल्पिक व्यवस्था और तकनीकी तंत्र मजबूत हैं तथा प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय है।उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि जो लोग अब तक कार्य पर वापस नहीं लौटे हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

श्री सिन्हा ने दोहराया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता जनता है, और जनता के कार्य किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दिए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित