पटना, मार्च 19 -- बिहार राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को राज्यस्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर बिहार के सभी अंचल अधिकारी और प्रभारी अंचल अधिकारियों को नए कानूनों के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।

इस कार्यशाला का आयोजन पटना उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए न्याय निर्णय एवं नव नियुक्त अंचलाधिकारी एवं प्रभारी अंचलाधिकारी को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से किया गया था, जिससे राजस्व प्रशासन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाया जा सके।

अपर सचिव आजीव वत्सराज ने अंचल अधिकारियों की भूमिका को राजस्व प्रशासन की रीढ़ बताते हुए कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर बल दिया।इस कार्यशाला में अंचल अधिकारियों द्वारा निष्पादित किए जाने वाले विभिन्न कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

सेवानिवृत्त अपर सचिव विनोद कुमार झा ने विभिन्न राजस्व अधिनियमों एवं नियमावली से संबंधित विषयों पर विस्तृत और व्यावहारिक जानकारी साझा की। उन्होंने भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन, अंचल स्तर पर अभिलेखों के संधारण की सटीकता, दाखिल-खारिज एवं म्यूटेशन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के समयबद्ध निपटारे पर विशेष जोर दिया। उन्होंने इस दौरान आजादी के पूर्व से लेकर अभी तक के राजस्व प्रशासन की मौलिक जानकारी उपस्थित अधिकारियों को दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित