पटना , सितंबर 18 -- बिहार में कर राजस्व बढ़ाने, कर अनुपालन को सुदृढ़ करने तथा राज्य और केंद्र के कर प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को राज्य समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता वाणिज्य कर विभाग, बिहार के आयुक्त-सह-सचिव श्री संजय कुमार सिंह तथा केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क, पटना-1 के आयुक्त श्री विजय कुमार सिंह ने की।
बैठक में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर(जीएसटी) एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क (सीईडी), पटना-1, वाणिज्य कर विभाग, जीएसटी आसूचना महानिदेशालय, आयकर विभाग तथा पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के अधिकारियों के साथ वाणिज्य कर विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस बैठक में राजस्व वृद्धि की संभावनाओं और इसके लिए आवश्यक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गयी। विभिन्न विभागों के बीच उपलब्ध सूचनाओं एवं संसाधनों के बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। राज्य एवं केंद्र के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विभिन्न प्रकार के करदाताओं से संबंधित विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित