पटना , जून 13 -- बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राजस्व महा-अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन को सुनिश्चित करने के लिए प्रमंडलवार विशेष मॉनिटरिंग सेल का गठन किया है। मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा विभाग द्वारा 11 जून से 17 जून 2026 तक विशेष शिविर आयोजित कर आवेदनों की स्कैनिंग, अपलोडिंग और निष्पादन की प्रक्रिया को तेज गति से संचालित किया जा रहा है।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि राजस्व महा-अभियान के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मुख्यालय स्तर पर एक सशक्त मॉनिटरिंग तंत्र विकसित किया गया है, जो राज्य के सभी जिलों में चल रहे कार्यों की लगातार निगरानी कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि विभाग का लक्ष्य पूरे राज्य में प्राप्त लगभग 46 लाख आवेदनों की स्कैनिंग और अपलोडिंग का कार्य शीघ्र पूरा करना है। इसके लिए मुख्यालय से प्रत्येक घंटे जिलों की प्रगति की समीक्षा की जा रही है तथा अद्यतन आंकड़े संकलित किए जा रहे हैं। जहां कहीं भी कार्य की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई जा रही है, वहां तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राजस्व महा-अभियान राज्य के लाखों लोगों से जुड़ा हुआ है। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी जिलों को निर्देश दिया गया है कि विशेष शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करें और प्रतिदिन की प्रगति विभाग को उपलब्ध कराएं।
मंत्री ने कहा कि इन पदाधिकारियों को अपने-अपने आवंटित प्रमंडलों के कार्यों का प्रतिदिन अनुश्रवण कर प्रगति प्रतिवेदन मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इससे अभियान की प्रगति पर सतत नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लिए जा रहे हैं।
विभाग द्वारा प्रमंडलवार अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है। पटना प्रमंडल की निगरानी की जिम्मेदारी अजय कुमार सरकार को, तिरहुत प्रमंडल की संतोष कुमार चौधरी को, कोशी एवं सारण प्रमंडल की उमा शंकर को, मगध एवं भागलपुर प्रमंडल की सक्षम सिंह को, दरभंगा प्रमंडल की मयंक आशुतोष आनंद को तथा पूर्णिया एवं मुंगेर प्रमंडल की निगरानी की जिम्मेदारी अश्विनी कुमार को सौंपी गई है।
डॉ. जायसवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयास से राजस्व महा-अभियान के सभी लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा तथा आम जनता को राजस्व सेवाओं का लाभ और अधिक सुगमता से प्राप्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित