मुरैना , फरवरी 24 -- मध्यप्रदेश की ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस ने आज तहसील कार्यालय में एक राजस्व निरीक्षक को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

लोकायुक्त पुलिस सूत्रों के अनुसार मुरैना जिले के गोपियां पूरा गांव निवासी संतोष कुशवाह ने राजस्व निरीक्षक राकेश जैन से अपने बच्चों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए एक आवेदन दिया था। राजस्व निरीक्षक उसे बार बार टाल रहा था। बाद में राजस्व निरीक्षक ने जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए उससे रिश्वत के रूप में दो हजार रुपए की मांग की।

आवेदक संतोष कुशवाह ने 19 फरवरी को एक हजार रुपए दे दिए ओर बकाया एक हजार रुपए की राशि बाद में देने के लिए कहा। संतोष कुशवाह ने इसकी शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त पुलिस को की। लोकायुक्त पुलिस ने आज योजनाबद्ध तरीके से नवीन तहसील कार्यालय में राजस्व निरीक्षक राकेश जैन को एक हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित