पटना , मई 27 -- बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कटिहार, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिले के राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान कम रैंकिंग पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि अगले 15 दिनों में कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

डॉ. जायसवाल ने विभागीय कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कटिहार, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज जिले के राजस्व कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कम रैंकिंग पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगले 15 दिनों में कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि जब विभाग का मंत्री सचिव समेत पूरा सिस्टम ईमानदारी से व्यवस्था बनाने में जुटा है तो फील्ड के अधिकारियों की भी व्यवस्था में सुधार की जिम्मेवारी बनती है।

बैठक में विभाग के सचिव श्री जय सिंह ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों के निष्पादन का निर्देश दिया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में संबंधित जिलों के जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता और अंचलाधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा की शुरुआत कटिहार जिले से हुई। राजस्व मंत्री ने जिले की अप्रैल माह की रैंकिंग, अपर समाहर्ता की स्थिति तथा मनिहारी, बारसोई और कटिहार के भूमि सुधार उप समाहर्ताओं की निम्न रैंकिंग पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनता के कार्यों में देरी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित