खरगोन , अक्टूबर 27 -- मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के भकलाय गांव में विवादित जमीन का सीमांकन करने गए राजस्व अमले पर हमले के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। पुलिस ने अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 14 संदिग्धों की पहचान की गई है। मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई है।

पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने मंगलवार शाम पत्रकारों को बताया कि मंडलेश्वर एसडीओपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है। शनिवार को जितेंद्र परमार की शिकायत पर राजस्व दल विवादित जमीन का सीमांकन करने मंडलेश्वर से करीब 20 किलोमीटर दूर भकलाय गांव पहुंचा था। इसी दौरान जमीन पर कब्जे का दावा करने वाले कुछ लोगों ने राजस्व अधिकारियों को घेरकर लाठियों से हमला कर दिया।

हमले में राजस्व निरीक्षक अभिषेक जमरा और पटवारी राजा कुमार घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इंदौर रेफर किया गया। अभिषेक जमरा खरगोन जिला राजस्व निरीक्षक संघ के अध्यक्ष भी हैं। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम पूर्वा मंडलोई, तहसीलदार और अन्य राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। हमले के दौरान शिकायतकर्ता जितेंद्र परमार और उनका परिवार भी भयभीत होकर मौके से भाग गया।

पुलिस ने शनिवार रात पन्नालाल, नादान सिंह, नारायण और बलवंत सहित अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और बलवा समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। नामजद आरोपियों में से कुछ विवादित जमीन के हिस्से पर कई वर्षों से खेती कर रहे थे। सोमवार को पटवारियों ने एसडीएम पूर्वा मंडलोई और एसडीओपी श्वेता शुक्ला से मुलाकात कर मामले में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने की मांग की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित