जयपुर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान में पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत दूसरे चरण के लिए मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार सुबह सात बजे शांतिपूर्वक शुरु हो गया।

मतदान शुरु होते ही मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के आने का सिलसिला शुरु हो गया। हालांकि मतदान शुरु होते ही कुछ मतदान केन्द्रों पर इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी की शिकायतें भी मिली।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार निष्पक्ष मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गये है और सुबह सात बजे मतदान शांतिपूर्ण तरीके से शुरु हुआ। दूसरे चरण के तहत 22 जिला परिषदों में 352 वार्डों में जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान कराया जा रहा है। इनमें अजमेर जिला परिषद में 18, , अलवर में 20, बांसवाड़ा में 11, बाड़मेर में 13, भीलवाड़ा में 17 , बीकानेर में 12, दौसा में 13, डूंगरपुर में 17, जयपुर में 11, जालोर में 23, झालावाड़ में 17, झुंझुनूं में 16 , जोधपुर में 34, करौली 10, कोटा में 6, कोटपुतली-बहरोड़ 16, नागौर में 16, पाली में 15, राजसमंद में 16, सीकर में 23, सिरोही में 14 एवं उदयपुर में 14 वार्ड है जहां 1086 प्रत्याशी अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।

इन जिलों की 124 पंचायत समितियों के 2197 सदस्यों के चुनाव के लिए भी सुबह सात बजे मतदान शुरु हुआ जहां 7318 प्रत्याशी चुनाव मैदान हैं। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित