शाहकोट , मार्च 20 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के साथहो रहे उस अन्याय पर अब जागे हैं, जिसके तहत पंजाब की नदियों का आधा पानी राजस्थान जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को 2016 में तत्कालीन अकाली सरकार द्वारा विधानसभा में पारित उस प्रस्ताव पर कार्रवाई करनी चाहिए थी, जिसमें राजस्थान के साथ-साथ हरियाणा और दिल्ली से भी पानी की रॉयल्टी मांगी गयी थी।

'पंजाब बचाओ' अभियान के तहत शाहकोट में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए श्री बादल ने कहा, " राजस्थान से रॉयल्टी लेने का मुख्यमंत्री का बयान मेरी उस घोषणा के बाद की प्रतिक्रिया है, जिसमें मैंने कहा था कि अगली अकाली सरकार राजस्थान नहर में पानी की एक बूंद भी नहीं जाने देगी। हम कांग्रेस पार्टी द्वारा पंजाब के साथ किये गये उस ऐतिहासिक अन्याय को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसने हमारी नदियों का आधा पानी राजस्थान को दे दिया था। यह पानी अब पंजाब के खेतों की ओर मोड़ा जाएगा। "श्री बादल ने मुख्यमंत्री पर पंजाबियों की समस्याओं को हल करने के बजाय 'ध्यान भटकाने वाली राजनीति' करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आलू उत्पादक अपनी फसल सड़कों पर फेंक रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री उनकी पीड़ा के प्रति लापरवाह हैं। अकाली दल मांग करता है कि सरकार हस्तक्षेप करे और मार्कफेड को आरक्षित कीमतों पर आलू खरीदने का निर्देश दे। उन्होंने आरोप लगाया कि 'आप' नेता और विधायक नशा तस्करी में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता तलबीर गिल के एक करीबी सहयोगी की चार किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तारी ने इसे साबित कर दिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार गैंगस्टर्स को संरक्षण दे रही है।

राज्य में आये निवेश पर झूठ बोलने के लिए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि श्री मान ने पिछले चार वर्षों में 1.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश का दावा किया था, जबकि आरटीआई से पता चला है कि निवेश केवल 2,600 करोड़ रुपये का हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार महिलाओं को एक हजार और 1,500 प्रति माह देने का दावा करके फिर से पंजाबियों को धोखा दे रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने 52,000 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है और छह महीने का भत्ता देने के लिए सरकारी जमीन बेच दी है, जिससे पंजाब और उसके किसानों का भविष्य संकट में पड़ जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित