जयपुर , जुलाई 20 -- राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत हवाई यात्रा का सोमवार को आगाज हो गया और इसके लिए यात्री दल बस से नयी दिल्ली के लिए रवाना हुआ जहां से हवाई जहाज से नेपाल जायेंगे।

राज्य के देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने 43 वरिष्ठ नागरिकों के पहले दल को यहां हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल जयपुर के सिंधी कैंप से बस से नयी दिल्ली के लिए रवाना हुआ जहां से वे हवाई जहाज से काठमांडू पहुंचेंगे। सभी वरिष्ठ तीर्थयात्री काठमांडू में स्थित प्रसिद्ध बाबा पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे। पशुपतिनाथ जी के साथ-साथ काठमांडू के अन्य प्रमुख दर्शनीय धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जायेगा।

श्री कुमावत ने बताया कि इस बार हवाई यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को उनके ठहराव के लिए तीन स्टार होटलों में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है । उन्होंने बताया कि काठमांडू में यात्रियों को अब दो दिन ठहराया जाता है । अब यात्री पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन के साथ-साथ बुढ़ानीलकंठ मंदिर एवं बोधनाथ स्तूप के भी दर्शन कर सकते हैं । यात्रियों की सहायता, सुरक्षा और मार्गदर्शन के लिए एक सरकारी अनुरक्षक और एक आईआरसीटीसी का स्टाफ पूरी यात्रा में साथ रहेगा। यह पहला दल अपनी धार्मिक यात्रा पूरी करके 22 जुलाई को वापस जयपुर लौटेगा।

उन्होंने बताया कि 20 जुलाई से 22 सितंबर तक हर दिन काठमांडू के लिए हवाई यात्रा का संचालन किया जायेगा। आगामी 22 सितंबर तक 2860 वरिष्ठ नागरिकों को पशुपतिनाथ जी के दर्शन कराये जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित