जयपुर , फरवरी 19 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के पर्यटन स्थलों के सुनियोजित विकास और पर्यटकों को समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और उसके प्रयासों का ही फल है कि बहुत लम्बे अंतराल के बाद राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आरटीडीसी) लाभ की स्थिति में है।
श्रीमती दिया कुमारी प्रश्नकाल में विधायक श्रीचन्द कृपलानी के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र निंबाहेड़ा के जनजाति बहुल क्षेत्र छोटी सादड़ी का विभागीय स्तर पर परीक्षण कराया जाएगा एवं परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर इसे ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट में शामिल करने के विषय में निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा ट्राइबल टूरिस्ट सर्किट की डीपीआर का प्रारूप तैयार होने के बाद इसके निर्माण कार्य में लगने वाले संभावित समय की जानकारी दी जा सकेगी।
इससे पहले श्री कृपलानी के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र निम्बाहेडा के ऐतिहासिक एवं पौराणिक तथा धार्मिक महत्व के स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किये जाने संबंधी कोई प्रस्ताव अथवा कार्ययोजना वर्तमान में विभाग में विचाराधीन नहीं है। विभाग द्वारा इस विधानसभा क्षेत्र सहित सम्पूर्ण राज्य में पर्यटन को बढ़ावा दिये जाने के लिए राजस्थान पर्यटन नीति- 2025 लागू की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित