जयपुर , फरवरी 19 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में कुशल वित्तीय प्रबंधन के कारण राज्य में नये आयाम स्थापित करते हुए राज्य सरकार के कर राजस्व में गत वर्ष की तुलना में वर्ष 2025-26 में 34.10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है, वहीं वित्त वर्ष 2026-27 में लगभग 17.41 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि अनुमानित हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आय-व्ययक अध्ययन 2026-27 के अनुसार वर्ष 2022-23 में राज्य का स्वयं का कर राजस्व 87 हजार 347 करोड़ रुपये था जो वर्ष 2023-24 में 7.72 प्रतिशत वृद्धि के साथ 94 हजार 86 करोड़ रुपये हो गया। इसी प्रकार वर्ष 2024-25 में 9.80 प्रतिशत वृद्धि के साथ एक लाख तीन हजार 310 करोड़ रुपये हो गया।
यह वृद्धि आगे और तेज हुई तथा संशोधित अनुमान 2025-26 में यह राशि 34.10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ एक लाख 38 हजार 540 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। बजट अनुमान 2026-27 में कर राजस्व एक लाख 62 हजार 668 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है जोकि पिछले वर्ष से लगभग 17.41 प्रतिशत अधिक है। साथ ही यह अनुमानित वृद्धि वर्ष 2023-24 की तुलना में करीब 72.9 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अनुशासित कर पद्धति, डिजिटलीकरण को प्रोत्साहन और निरंतर सुधारों के फलस्वरूप राज्य सरकार के राजस्व में यह उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है। राज्य वस्तु एवं सेवा कर, राज्य उत्पाद शुल्क, मुद्रांक एवं पंजीयन शुल्क, भू-राजस्व तथा बिक्री कर जैसे प्रमुख मदों में वृद्धि प्रदेश के कुशल वित्तीय प्रबंधन का प्रतीक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित