जयपुर , अप्रैल 25 -- राजस्थान विश्वविद्यालय ने अखिल भारतीय अन्तर विश्वविद्यालय हैण्डबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया हैं।
विश्वविद्यालय के आधिकारिक सू्त्रों के अनुसार शनिवार को सम्पन्न प्रतियोगिता में खेले गए फाइनल मुकाबले में राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर ने यूईएम विश्वविद्यालय जयपुर को 24-18 के अंतर से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच में राजस्थान विश्वविद्यालय की ओर से देवेन्द्र, गोहित और दिनेश ने पांच-पांच गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की वहीं उपविजेता यूईएम टीम की तरफ से दिव्यांशु ने पांचजबकि श्याम और अजय ने चार-चार गोल किए। प्रतियोगिता में लवली पंजाब यूनिवर्सिटी (एलपीयू) ने सौराष्ट्र यूनिवर्सिटी गुजरात को 34-22 के अंतर से पराजित कर तीसरा स्थान अर्जित किया ।
एलपीयू की ओर से मनीष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 गोल दागे, परमजीत ने आठ और सुमित ने सात गोल किए। सौराष्ट्र की ओर से हर्ष ने छह, जगराज ने पांच तथा भावेश और नितिन ने तीन-तीन गोल किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित