लखनऊ , जनवरी 30 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए निरंतर संवेदनशील व ठोस प्रयास कर रही है।
इसी क्रम में प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने 28 से 30 जनवरी तक राजस्थान का भ्रमण कर वहां संचालित दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं का अध्ययन किया।
भ्रमण के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जयपुर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राजस्थान की योजनाओं की कार्यप्रणाली, लाभार्थी चयन प्रक्रिया, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था, तकनीकी सहयोग तथा पुनर्वास से जुड़े पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में संचालित योजनाओं के साथ तुलनात्मक समीक्षा भी की गई, ताकि प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए सुविधाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
जयपुर प्रवास के दौरान उन्होंने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विधानसभा की कार्यप्रणाली, संसदीय परंपराओं तथा जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
इसके अलावा उन्होंने जयपुर स्थित भगवान महावीर दिव्यांग सहायता समिति का निरीक्षण कर संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जा रही कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण और पुनर्वास सेवाओं का अवलोकन किया। मंत्री नरेंद्र कश्यप ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन दिव्यांगजनों को आत्मविश्वास, आत्मसम्मान और स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित