जयपुर , सितंबर 10 -- राजस्थान में "शुद्ध आहार-मिलावट पर वार" अभियान के तहत यहां के आदर्श नगर स्थित ब्लिंकिट के डार्क स्टोर पर केंद्रीय दल ने औचक निरीक्षण कर करीब 800 पैकेट डेयरी उत्पाद सहित बड़ी मात्रा में खराब एवं अवधि पार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करायी गयी।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की कार्रवाई में ऑनलाइन फूड एवं ग्रोसरी डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के स्टोर्स एवं वेयरहाउस की भी सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गयी।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के निर्देश एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संयुक्त आयुक्त विजय प्रकाश शर्मा की मौजूदगी में केंद्रीय टीम ने फतेह टीबा, आदर्श नगर स्थित ब्लिंकिट वेयरहाउस (डार्क स्टोर) का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कोल्ड स्टोरेज में रखे जाने वाले खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण के लिए निर्धारित तापमान मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। जिन खाद्य पदार्थों को पांच डिग्री सेल्सियस से कम तापमान पर रखा जाना चाहिए, उन्हें जिस कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था, वहां तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस पाया गया। खाद्य सामग्री के निर्धारित तापमान से अधिक तापमान पर रखे जाने के कारण इनके असुरक्षित एवं दूषित होने की आशंका को देखते हुए खाद्य कारोबारकर्ता की सहमति से करीब 800 पैकेट मिल्क प्रोडक्ट मौके पर ही नष्ट करवाये गये।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मिल्क, फूड घी एवं पेपरबोट कार्बोनेटेड वाटर के एक-एक सैंपल खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए गए हैं। सैंपल को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जायेगा।

जांच रिपोर्ट में किसी प्रकार की मिलावट अथवा खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाये जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित फर्म एवं ऑनलाइन कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित