जयपुर , सितंबर 15 -- राजस्थान में नगर निकाय चुनाव में जयपुर, जोधपुर, कोटा नगर निगम और कोटा जिले की सुकेत नगर पालिका को छोड़कर शेष सभी 305 नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के चुनाव की लोक सूचना मंगलवार को जारी कर दी गई।
राज्य निर्वाचन आयोग ने आज सुबह सात बजे यह सूचना जारी की। ये चुनाव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 और 22 सितंबर को संपन्न होंगे। स्थगित अध्यक्षीय चुनाव वाले चार निकायों में 10 बूथ पर बुधवार को पुनर्मतदान होगा और इसके अगले दिन गुरुवार को मतगणनाहोगी।
इसके तुरंत बाद इन चार निकायों के अध्यक्ष पद के चुनाव की लोक सूचना जारी कर दी जायेगी। उल्लेखनीय हे कि 309 निकायों के चुनाव के लिए मतदान गत नौ एवं ग्यारह सितंबर को दो चरण में कराया गया और सोमवार को मतगणना हुई थी। जिसमें ईवीएम में कुछ तकनीकी खराबी के चलते चार निकायों में कुछ बूथों पर पुनर्मतदान कराया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित