अलवर , अप्रैल 24 -- राजस्थान में मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान बढ़ने से गर्मी बढ़ने और लू चलने की संभावना जताने के मद्देनजर जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आर्तिका शुक्ला ने जिले के समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों में कक्षा आठ तक के संचालन समय में परिवर्तन किया है।
डाॅ शुक्ला ने आपदा प्रबंधन की धारा में प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए जिले के समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों की पूर्व प्राथमिक से आठवीं तक की कक्षाएं 27 अप्रैल से ग्रीष्म अवकाश तक सुबह साढ़े सात बजे से मध्याह्न 12 बजे तक संचालित करने के आदेश जारी किए हैं। वहीं समस्त राजकीय एवं गैर राजकीय विद्यालयों की कक्षा नौ से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ का विद्यालय समय यथावत रहेगा।
आदेशों की अवहेलना करने वाले राजकीय एवं निजी विद्यालयों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रावधान के तहत नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित