जयपुर , फरवरी 21 -- राजस्थान में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)- 2026 पूरा होने पर शनिवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया और 199 विधानसभा क्षेत्रों में 2.08 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ पांच करोड़ 15 लाख से अधिक मतदाता है।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन के अनुसार राज्य में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या पांच करोड़ 15 लाख 19 हजार 929 हैं। जिनमें दो करोड़ 69 लाख 57 हजार 881 पुरुष एवं दो करोड़ 45 लाख 61 हजार 486 महिला तथा 562 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
प्रारुप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद अंतिम प्रकाशन में 10 लाख 48 हजार 605 मतदाताओं की वृद्धि हुई हैं जो 2.08 प्रतिशत हैं। राज्य में जयपुर जिले में 3.45 , फलौदी में 3.22, भरतपुर में 2.78, सिरोही में 2.72 , एवं बूंदी जिले में 2.71 प्रतिशत कुल मतदाताओं में वृद्धि हुई हैं। अंतिम प्रकाशन में लिंगानुपात में दो अंकों की वृद्धि हुई हैं जो प्रारुप प्रकाश के समय 909 से अंतिम प्रकाशन के समय 911 हो गया हैं राज्य में जयपुर जिले में सात अंक, कोटा में छह अंक, अजमेर में , सिरोही , डूंगरपुर, बूंदी , झालावाड़ और बारां में चार अंक की वृद्धि हुई हैं।
अंतिम प्रकाशन में युवा मतदाताओं (18 से 19 वर्ष आयुवर्ग) की संख्या में चार लाख 35 हजार 61 मतदाता की वृद्धि हुई। जो 0.82 प्रतिशत है। राज्य के जयपुर जिले में 1.30, बाडमेर में 1.26, भरतपुर में 1.22 , फलौदी 1.18, तथा बूंदी में 1.09 प्रतिशत युवा मतदाताओं की संख्या में बढोत्तरी हुई हैं।
एसआईआर की प्रक्रिया शुरु होने के समय गत 27 अक्टूबर को प्रदेश में इन विधानसभा क्षेत्रों में पांच करोड़ 46 लाख 56 हजार 215 मतदाता थे। एसआईआर के बाद 41 लाख 84 हजार 891 मतदाता ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं हैं। 16 दिसंबर को ड्राफ्ट सूची में पांच करोड़ चार लाख 71 हजार 324 मतदाता शामिल और ड्राफ्ट सूची प्रकाशन के बाद 12 लाख 91 हजार 365 नये मतदाता जोड़े गये जबकि दो लाख 42 हजार 760 मतदाता ड्राफ्ट सूची प्रकाशन के बाद हटाये गये है।
प्रदेश में 200 विधानसभा क्षेत्र हैं और इनमें अंता विधानसभा की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन आगामी 12 मार्च को किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित