अजमेर , अप्रैल 19 -- राजस्थान में अजमेर के पुष्कर घाटी में एक निजी बस असंतुलित होकर करीब 150 फुट गहरी खाई में गिरने से दो महिलाओं की मौत हो जबकि करीब 30 लोग घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीसांगन के निकटवर्ती ग्राम में परिवारिक समारोह में शिरकत करने के लिए एक ही कुटुंब परिवार की करीब 35 महिलाएं और बच्चे निजी बस से रवाना हुए। दोपहर में पुष्कर घाटी में पहुंचते ही अचानक बस असंतुलित होकर सड़क के दूसरी ओर खाई में लुढ़क गई और पलट कर तेजी से कंटीली झाड़ियों से टकराते हुए गिर गई।

सूत्रों ने बताया कि इससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि करीब 30 अन्य महिला बच्चे घायल हो गये। सभी घायलों को जवाहर लाल नेहरू अस्पताल लाया गया जहां एक अन्य महिला ने दम तोड़ दिया।

बस के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। तुरंत छह एम्बुलेंस मौके पर भेजी गई। इसके अलावा पुलिस ने राहगीरों और पुलिस के वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे के बाद मौके से बस का चालक फरार हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित