कोटा , अप्रैल 29 -- राजस्थान में गर्मी के तीखे तेवरों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की सलाह को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम ने 12 नए आश्रय स्थल और 14 स्थानों पर जल वाटिका (प्याऊ) स्थापित करने का निर्णय लिया है।

ये नये आश्रय स्थल और जल वाटिकाएं गुरूवार से क्रियाशील हो जाएंगी।

आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बुधवार को बताया कि पूर्व में शहर में 16 स्थानों पर स्थाई और अस्थाई आश्रय स्थल प्रारंभ किए जा चुके हैं जहां गर्मी से बचाव के लिए कूलर, पेयजल, ओआरएस, कुर्सी, गद्दे आदि सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। परन्तु पिछले तीन दिन से गर्मी की भीषणता को देखते हुए और आश्रय स्थल और जल वाटिकाएं स्थापित करने का निर्णय किया गया है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में संचालित आश्रय स्थलों के अलावा अब न्यू मेडिकल कॉलेज गेट के पास, घटोत्कच्छ सर्किल, जवाहर नगर पेट्रोल पम्प, महावीर नगर-3 परिजात कॉलोनी, महावीर नगर, सज्जन मेडिकल, थर्मल चौराहा, अभेड़ा चौराहा, त्रिकुटा चौराहा, नया नोहरा फोर लाइन के नीचे, बॉम्बे योजना डीसीएम रोड, भदाना चौराहा और वार्ड 43 पूनम कॉलोनी लेबर चौराहा पर आश्रय स्थल बनाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित