चंडीगढ़ , जून 24 -- राष्ट्रीय प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के सलाहकार डॉ नरेश पुरोहित ने बुधवार को कहा कि प्रसूताओं को हो रही मौतों को देखते हुए प्रतीत हो रहा है कि राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाएं ही 'संक्रमित' हो गयी है।

उन्होंने कहा कि पहले कोटा फिर बीकानेर में हुई प्रसूताओं की मौत के पश्चात अब जोधपुर के पावटा जिला अस्पताल में आठ प्रसूताओं की शल्यक्रिया प्रसूति के बाद उनकी जान पर खतरा मंडरा रहा है ।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में बीते एक माह में सात प्रसूताएं मौत के मुंह में समा चुकी हैं। इनमें से पांच प्रसूताएं कोटा में तो दो बीकानेर में दम तोड़ चुकी हैं। इन प्रसूताओं को इलाज के नाम पर सूबे के बड़े सरकारी अस्पतालों में क्या प्राप्त हुआ सबके सामने है'।

अखिल भारतीय अस्पताल प्रशासक संघ के कार्यकारी सदस्य डॉ पुरोहित ने यहां एक बयान में कहा कि मामला एक शहर या एक अस्पताल में हो तो माना जा सकता है कि वहां लापरवाही से कुछ गड़बड़ हो गयी होगी, लेकिन जब मामला शहर-दर-शहर सामने आये और वह भी संभाग मुख्यालयों पर हो तो उसे क्या कहा जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित