जयपुर , जून 22 -- राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कोटा और बीकानेर में प्रसूताओं की मौत के बाद अब जोधपुर में प्रसूताओं की तबियत बिगड़ने पर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को आड़े हाथों लेते हुए राज्य की चरमराती चिकित्सा व्यवस्था को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया हैं।

श्री जूली ने सोमवार को कहा कि आज पूरे राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाएं स्वयं वेंटिलेटर पर आ गयी हैं। कोटा में प्रसूताओं की मौत और टोंक में नवजात की जान जाने जैसी हृदयविदारक घटनाओं के बाद भी प्रशासन ने कोई सबक नहीं लिया हैं। उन्होंने कहा कि इसके बाद बीकानेर में 6-7 महिलाओं की किडनी फेल हो गई और दो प्रसूताओं की मौत हो गई। अब जोधपुर से भी महिलाओं की किडनी फेल होने के मामले सामने आ रहे हैं। आखिर सरकार सोई हुई क्यों है और जनता की जान से हो रहे इस खिलवाड़ पर चुप क्यों है।

उहोंने कहा कि अस्पताल सेफ जोन होते हैं जहां प्रसूताएं बहुत उम्मीदों से आयी थी लेकिन भाजपा शासन में राज्य के सरकारी अस्पताल डेंजर जोन में तब्दील हो चुके हैं। कहीं प्रसूताओं की मौत हो रही है, तो कहीं किडनी फेल हो रही है। हालात इतने खौफनाक हैं कि माताएं-बहनें अब अस्पताल जाने से भी डरने लगी हैं।

श्री जूली ने कहा कि सरकार को तुरंत इस पूरी विफलता की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में तुरंत सुधार नहीं किया गया और नकली दवाओं के सिंडिकेट को नेस्तनाबूद नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हक के लिए सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित