अलवर , अप्रैल 20 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी टपूकड़ा क्षेत्र में स्थित भगवती प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में वेतन वृद्धि और मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर मुख्य द्वार पर महिलाओं सहित सैकड़ों श्रमिक धरने पर बैठ गए हैं।
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने कहा कि लंबे समय से वेतन वृद्धि की मांग लंबित है, लेकिन कंपनी प्रबंधन इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। इसके साथ ही श्रमिकों ने कार्यस्थल पर मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। खासतौर पर महिला श्रमिकों ने शौचालय व्यवस्था को बेहद खराब बताते हुए इसे तुरंत सुधारने की मांग की है।
महिला कर्मचारियों का आरोप है कि पर्याप्त और स्वच्छ शौचालयों की व्यवस्था नहीं होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा बस सुविधा को लेकर भी नाराजगी जताई गई है। श्रमिकों का कहना है कि परिवहन की समुचित व्यवस्था न होने के कारण उन्हें रोजाना आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बताया जा रहा है कि यह कंपनी ब्रांडेड मोबाइल फोन के निर्माण का कार्य करती है और क्षेत्र की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों में शामिल है। इसके बावजूद श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें उनके अधिकारों के अनुरूप वेतन और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
धरना स्थल पर लगातार श्रमिकों की संख्या बढ़ती जा रही है, जिससे स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित