जयपुर , अक्टूबर 15 -- राजस्थान में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित रहे सभी पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण के लिए चलाये गये विशेष अभियान के तहत फॉर्म-6 के 4.80 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार राजस्थान में गत एक अक्टूबर से 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं तथा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित रहे सभी पात्र व्यक्तियों के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है और गत 14 अक्टूबर तक राज्य में फॉर्म-6 के कुल चार लाख 80 हजार 893 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 18-19 आयु वर्ग के दो लाख 67 हजार 946 तथा 20 वर्ष एवं अधिक आयु वर्ग के दो लाख 12 हजार 947 आवेदन शामिल हैं।
श्री महाजन ने बताया कि अभियान के तहत इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी), बूथ लेवल अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा स्वीप टीमों द्वारा समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर पहुंचकर पात्र युवा एवं नवमतदाताओं को जागरूक करने तथा उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्यवाही की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे। पात्र नागरिक वोटर्सडाटईसीआईजीओवीडाटइन पोर्टल अथवा ईसीआईनेट के माध्यम से ऑनलाइन फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित