जयपुर , सितम्बर 29 -- राजस्थान में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए एक महीने तक मनाये जा रहे मानसिक स्वास्थ्य महीना के तहत 10 अक्टूबर को प्रदेशभर में मानसिक स्वास्थ्य शपथ अभियान चलाया जाएगा।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। तनाव, चिंता या किसी परेशानी के समय अपने परिवार और दोस्तों से बात करना, एक-दूसरे को समझना और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की मदद लेना जरूरी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि 10 अक्टूबर को मानसिक स्वास्थ्य की शपथ लेकर इस अभियान से जुड़ें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता केवल एक दिन का प्रयास नहीं है, बल्कि इसके लिए लगातार प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल-कॉलेजों, सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और आमजन की भागीदारी से इस अभियान को और व्यापक बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक लोगों को मानसिक स्वास्थ्य शपथ से जोड़ने की अपील की।

उन्होंने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य महीना 10 सितंबर से 10 अक्टूबर के दौरान स्कूलों और कॉलेजों में रैली, जागरूकता सभा सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। विद्यार्थियों और युवाओं के साथ-साथ सरकारी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों को भी डिजिटल शपथ लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

श्रीमती राठौड़ ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बात करना जरूरी है। किसी व्यक्ति को तनाव या परेशानी में देखकर उसकी बात सुनना और जरूरत के समय उसका साथ देना भी मानसिक स्वास्थ्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित