बारां , अप्रैल 22 -- राजस्थान में महिला आरक्षण बिल के समर्थन में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) एवं भाजपा महिला मोर्चा ने बुधवार को बारां के प्रताप चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष रोहित नागर और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश हाडा ने किया। कार्यक्रम को वरिष्ठ नेता हेमराज मीणा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार, विधायक ललित मीणा, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग, नंदलाल सुमन, हरगोविंद जैन और प्रधान मोरपाल सुमन ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर भी राजनीति कर रहा है और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है और महिला आरक्षण विधेयक इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी।
विधायक ललित मीणा, राधेश्याम बैरवा और भाजयुमो जिलाध्यक्ष रोहित नागर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश हाडा ने कहा कि कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद महिला आरक्षण लागू नहीं किया जबकि वर्तमान सरकार ने इसे लेकर ठोस पहल की है। ऐसे में विपक्ष का विरोध करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
इस दौरान जिला महामंत्री महावीर सिंह हाडा, गोविंद यदुवंशी, जिला उपाध्यक्ष विशाल नागर, मुकेश केरवलिया, गोविंद सिंह चौहान, शहर अध्यक्ष ओपी पारेता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित