बारां , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में पंचायती राज चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से राजस्थान के बारां जिले में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में झालावाड़ रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), बारां में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षणार्थियों ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया और शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया।

रैली को लेकर प्रशिक्षणार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। रैली के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने 'वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है' जैसे नारों के माध्यम से मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

रैली दौलतपुरा से होते हुए कलमंडा ग्राम पहुंची, जहां बालाजी तिराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर मतदान जागरूकता के नारे लगाये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित