कोटा , मार्च 07 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ने दो वर्ष पहले प्रदेश की आवश्यकताओं के मद्देनजर किसान, मजदूर, महिला, गरीब और युवा के उत्थान के लिए रोडमैप तैयार किया तथा दो वर्ष से अधिक के कार्यकाल में 73 प्रतिशत वादों को पूरा कर लिया गया है।
श्री शर्मा आज बूंदी जिले के शंभूपुरा में बूंदी कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के शिलान्यास के अवसर पर आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों की जल आवश्यकता की पूर्ति के लिए काम कर रही है। रामजल सेतु लिंक परियोजना एवं यमुना जल समझौते पर काम हो रहा है। वहीं, इंदिरा गांधी नहर परियोजना एवं गंगनहर के माध्यम से पर्याप्त जलापूर्ति की व्यवस्था के लिए भी काम किया जा रहा है।
श्री शर्मा ने कहा कि उदयपुर में देवास परियोजना को आगे बढ़ाया गया है। ब्राह्मणी नदी से जल संग्रहण एवं सोम-कमला-अम्बा परियोजना पर निरन्तर काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि हाड़ौती क्षेत्र के लिए नवनेरा, ईसरदा एवं परवन अकावद परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। हर खेत को पानी और हर घर को पीने का जल पहुंचाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा में सड़क-रेल कनेक्टिविटी अच्छी है। अब एयर कनेक्टिविटी की सुविधा मिलने से यह क्षेत्र शिक्षा के साथ ही उद्योगों का भी हब बनेगा। उन्होंने कहा कि बिजली के क्षेत्र में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमारी सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। जिसके परिणाम स्वरूप 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली दी जा रही है। वहीं, वर्ष 2027 तक पूरे प्रदेश में किसानों को दिन में बिजली दी जाएगी।
श्री शर्मा ने कहा कि हमने राज्य सरकार के प्रथम वर्ष में ही राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया, जिसमें 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग की जा चुकी है। इससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिला है।
उन्होंने कहा कि गत सरकार के समय पेपर लीक हुए और युवाओं के सपनों को रौंदा गया। लेकिन हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। पांच साल में 4 लाख सरकारी नौकरी एवं निजी क्षेत्र में छह लाख नौकरी देने का वादा किया था। जिसे हमारी सरकार पूरा कर रही है। 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 21 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। अब तक लगभग सवा लाख नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। वहीं इस वर्ष में सवा लाख नौकरी का भर्ती कैलेण्डर जारी किया है। गत सरकार के समय हुए पेपर लीक के दोषियों को भी हमारी सरकार ने जेल की सलाखों के पीछे भेजा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने दो वर्ष से अधिक के कार्यकाल में 73 प्रतिशत वादों को पूरा किया है। श्री मोदी के नेतृत्व में दी जा रही छह हजार रुपये की किसान सम्मान निधि के साथ ही, राज्य सरकार ने तीन हजार रुपये की सम्मान निधि देने का काम किया है। जिससे अब सम्मान निधि की राशि नौ हजार रुपये हो गई है। उन्होंने कहा कि गेहूं की एमएसपी खरीद पर हमारी सरकार बोनस दे रही है। किसानों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसी प्रकार, महिला उत्थान एवं सशक्तीकरण के क्षेत्र में काम करके 16 लाख लखपति दीदी बनाई जा चुकी हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के ज्ञान (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) संकल्प पर हमारी सरकार काम कर रही है। गरीबों को 25 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध करवाया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना को मजबूत बनाकर पेंशन राशि में भी वृद्धि की गई है। वहीं, आशा सहयोगिनी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार योजनाओं को धरातल पर उतार रही है ताकि जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन स्तर ऊपर उठ सके।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री गौतम कुमार दक,विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी, हरिमोहन शर्मा तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित