जयपुर , मार्च 24 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा है कि कांग्रेस सरकार के समय हमने पारदर्शी और समयबद्ध भर्तियां कर युवाओं को अवसर दिए लेकिन आज प्रदेश में बेरोजगार युवा सिर्फ इंतज़ार और निराशा झेल रहा है।

श्री गहलोत ने मंगलवार को यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने युवाओं को भ्रमित करने के लिए बड़े-बड़े दावे कर शिक्षा विभाग में 10 हजार भर्तियों की घोषणा की लेकिन आज हकीकत यह है कि न भर्ती निकली, न परीक्षा हुई।

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। बार-बार कैलेंडर बदलना और वादे अधूरे छोड़ना, युवाओं के विश्वास को तोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हमने पारदर्शी और समयबद्ध भर्तियां कर युवाओं को अवसर दिए थे।

श्री गहलोत ने कहा कि सरकार को जवाब देना चाहिए, युवा कब तक इंतज़ार करेंगे। दस हजार नौकरियों का वादा कब पूरा होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों के साथ यह अन्याय अब बर्दाश्त नहीं होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित