भरतपुर , फरवरी 20 -- राजस्थान में धौलपुर जिले में विद्युत विभाग ने राजस्व वसूली के लिए सात उपखंडों के करीब 33 गांवों में बकायेदारों और अवैध कनेक्शनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 118 लाख रुपए की बकाया राशि वाले 25 ट्रांसफार्मरों को जब्त किया है।

विद्युत विभाग के उच्चस्तरीय सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि करीब दो करोड़ 30 लाख रुपए की बकाया राशि वाले करीब 65 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटकर करीब 257 लाख रुपए का राजस्व वसूल किया गया।

सूत्रों ने बताया कि विभाग इस महीने में अब तक कुल 1877 लाख रुपए की वसूली कर चुका है। मौजूदा कार्रवाई में रमथुरा, नादनपुर, बड़ागांव सहरोली, कुंकरा माकरा, कैंथरी, रावटी, मझुआ, मठ मत्सूरा, मढा बुजुर्ग, बिचौला और मोरधा जैसे गांवों में पुराने कटे हुए (डीसी/पीडीसी) कनेक्शनों की जांच करके करीब 360 अवैध विद्युत जंपर हटाए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित