बारां , मई 08 -- राजस्थान में बारां जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा की पहल पर ग्रीष्मकाल में आमजन को राहत देने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

श्री असावा की पहल पर ही अतिरिक्त जिला कलेक्टर भंवरलाल जनागल ने ग्रीष्मकाल में पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सर्वेक्षण के आदेश जारी किए हैं।

श्री जनागल ने शुक्रवार को बताया कि गर्मी शुरू होने से पहले ही हर गांव-वार्ड में पेयजल स्रोतों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की जमीनी हकीकत जांच ली जाए, ताकि आने वाले दिनों में किसी भी नागरिक को परेशानी न हो। इसी सोच के तहत यह सर्वे युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। इस मामले में उपखंड अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्राधिकार में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से वार्ड, ब्लॉक, ग्राम पंचायत, ग्राम स्तर पर दो दिन में सर्वेक्षण करवाना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में नगर परिषद क्षेत्र में भी विशेष दल गठित करके शहरी वार्डों में पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं का सर्वेक्षण कार्य कराया जा रहा है।

श्री असावा ने कहा कि ग्रीष्मकाल में आमजन, विशेषकर बच्चों-बुजुर्गों को पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा समय पर मिले, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित