हनुमानगढ़ , सितम्बर 17 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना पुलिस की हिरासत में शेरडा गांव के 48 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो जाने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात शेरडा गांव के जगदीश जोगी ने भिरानी थाने में सूचना दी कि उसका पुत्र संदीप शराब के नशे में उनके साथ मारपीट कर रहा है और पूरे दिन शराब पीने में लगा रहा। इस सूचना पर पुलिसकर्मी जगदीश जोगी के घर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि उन्होंने संदीप को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। रात का समय होने के कारण जगदीश जोगी ने अपने पुत्र को पुलिस के साथ थाने ले जाने की सहमति दे दी। इसके बाद पुलिस संदीप को अपने साथ लेकर थाने की ओर रवाना हो गयी।

पुलिस के अनुसार रास्ते में संदीप की तबीयत अचानक खराब हो गयी। उसे तुरंत भादरा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी सूचना उसके पिता जगदीश जोगी को दी। बुधवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। धारा 196 के तहत मामला दर्ज होने के कारण पूरा मामला न्यायिक जांच के अधीन है।

इस मामले में भारतीय नागरिक संहिता की धारा 196 के तहत अकाल मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस हिरासत में मौत का मामला होने के कारण इस पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच की जा रही है। अब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गयी है।

भादरा के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनूप कुमार पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। न्यायिक मजिस्ट्रेट की जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले की आगे की दिशा तय होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित