जयपुर , अक्टूबर 29 -- राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को सरपंच पदों पर होने वाले चुनाव में 3626 ग्राम पंचायतों में 21 हजार 839 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार नाम वापसी के बाद यह चुनावी तस्वीर उभरकर सामने आई हैं। इस दौरान 45 ग्राम पंचायतों में केवल एक-एक उम्मीदवार के ही चुनाव मैदान में रहने से उनका चुनाव निर्विरोध हो गया। इनमें बाडमेर जिले मे 17, जोधपुर में 11, डूंगरपुर में आठ, जालोर में तीन, बीकानेर, एवं पाली में दो-दो तथा करौली एवं उदयपुर में एक-एक ग्राम पंचायत शामिल हैं।
दूसरे चरण के तहत 22 जिलों की 3626 ग्रामपंचायतों में शुक्रवार को मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक कराया जायेगा। इनमें अजमेर जिले में 139 ग्राम पंचायतों में 980 प्रत्याशी, अलवर में 185 ग्राम पंचायतों में 1336, बांसवाड़ा में 139 ग्राम पंचायतों में 840, बाडमेर में 206 में 549 , भीलवाड़ा में 185 में 1280, बीकानेर में 137 में 486 ,दौसा की 141 में 1196, डूंगरपुर की 209 में 1362, जयपुर की 112 में 925 , जालोर की 220 में 1334, झालावाड़ की 142 में 1032, झुंझुनूं की 167 में 957, जोधपुर की 442 मे 1551, करौली की 89 में 662,कोटा की 47 में 360, कोटपुतली-बहरोड़ की 130 में 969, नागौर की 152 में 892, पाली की 146 में 1062, राजसमंद की 147 में 1028, सीकर की 192 मं 1516 एवं उदयपुर की 189 ग्राम पंचायतों में 753 उम्मीदवार चुनाव मैदान में ताल ठोक रखी है।
सरपंच के मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरु हो जायेगी और इसके अगले दिन 31 अक्टूबर को उपसरपंच के चुनाव होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित