जयपुर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत 3626 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं पंच पदों के लिए शुक्रवार को लगभग 79 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार सरपंच पदों के लिए मतदान सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चला तथा इस दौरान 78.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया , हालांकि मतदान के अभी अंतिम आंकडे आने शेष हैं।

इस दौरान बाड़मेर जिले की डूगेरो का तला पंचायत समिति क्षे्त्र की ग्राम पंचायतों में सर्वाधिक 90.11 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि जालोर जिले की आहोर पंचायत समिति क्षेत्र में सबसे कम 60.94 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया।

इससे पहले सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से मतदान शुरु हुआ और मतदान के पहले तीन घंटों में सुबह दस बजे तक 19.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद मतदान में तेजी आयी और अपराह्न एक बजे तक 44.68 प्रतिशत तथा अपराह्न तीन बजे तक मतदान 61.30 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया।

प्रदेश में सुबह कई स्थानों पर बरसात के बावजूद मतदाताओं में मतदान के प्रति भारी उत्साह देखने को मिला और मतदान केन्द्रों पर लंबी लंबी कतारों में खड़े रहकर मतदाता मतदान किया। इस दौरान जयपुर जिले की जालसू पंचायत में मतदान के दौरान दो शतायु बुजुर्ग बहने 104 वर्ष की श्रृंगारी देवी एवं 102 वर्षीय चंदा देवी ने अपना वोट डालकर लोकतंत्र की खूबसूरती को बढ़ाया।

मतदान के बाद मतगणना शुरु हो गयी। शनिवार को उपसरपंच के लिए चुनाव होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित