जयपुर , अक्टूबर 27 -- राजस्थान पुलिस ने एक अभियान के तहत अब तक 1244.20 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ बरामद कर 30.25 करोड़ रुपये की संपत्तियों पर कार्रवाई की हैं।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत गत 26 अक्टूबर तक नशीले पदार्थों से संबंधित 7695 प्रकरण दर्ज कर 8842 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अवधि में 220 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ 335 हॉटस्पॉट पर छापेमारी की गई। पुलिस ने नशीले पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की है।

इसी क्रम में 26 अक्टूबर को प्रदेशभर में एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान 262 प्रकरण दर्ज कर 278 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान में 8 सरगनाओं एवं तस्करों को चिह्नित किया गया तथा 6 हॉटस्पॉट पर कार्रवाई की गई। व्यापक जांच अभियान के तहत 3,496 स्थानों की जांच की गयी।

आंकड़ों के अनुसार 26 अक्टूबर तक नशीले पदार्थों से संबंधित 7,695 प्रकरण दर्ज किये गये और 8,842 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त फरार, हिस्ट्रीशीटर एवं इनामी श्रेणी के 220 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस अवधि में 335 हॉटस्पॉट पर छापेमारी की गयी। कुल कार्रवाई के दौरान राजस्थान पुलिस ने 1010.55 किलोग्राम अफीम, 131.46 टन डोडा पोस्त और 274.13 किलोग्राम एमडी बरामद की। आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में बरामद मादक पदार्थों का कुल मूल्य 1,244.20 करोड़ रुपये है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित