भरतपुर , नवम्बर 07 -- राजस्थान में धौलपुर जिले के दिहौली थाना क्षेत्र में खिड़की तोड़कर फरार हुआ 25 हजार रुपये का इनामी अवैध नशीले पदार्थ तस्कर टी. श्रीनिवास को पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 26 अक्टूबर को तड़के करीब तीन बजे श्री निवास फरार हो गया था। उसे धौलपुर में 17 अक्टूबर को मनियां थाना और यातायात पुलिस ने आंध्र प्रदेश के नशीले पदार्थ तस्कर गेडम अमर चैतन्य के साथ गिरफ्तार किया गया था। दोनों कार में करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये के 261 किलो 110 ग्राम गांजा ले जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि श्रीनिवास फरारी के समय गिरफ्तारी से बचने के लिए सिर एवं मूंछों के बाल मुंडवाकर हुलिया बदल लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित