जयपुर , सितंबर 08 -- राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में पहले चरण में 162 निकायों में मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार सुबह सात बजे शुरु होगा।

पहले चरण में 162 नगर निकायों में चार नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाओं में सुबह सात बजे से सायं छह बजे तक मतदान होगा। पहले चरण में बीकानेर, भरतपुर अलवर और भीलवाड़ा नगर निगम तथा नागौर, चुरु, कोटपूतली, सुजानगढ़, धौलपुर, सवाईमाधोपुर, शाहपुरा, चौमूं, जालोर, बारां, बूंदी, झालावाड़, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, डीडवाना, कुचामन सिटी, करौली, भिवाड़ी, खैरथल, तिजारा, जैसलमेर, बाड़मेर और ब्यावर नगर परिषद हैं। इसी तरह 134 नगर पालिकाओं में भी बुधवार को मतदान होगा।

राज्य निकायों के कुल 10245 वार्डों में से पहले चरण में 5393 वार्डों में से 32 वार्डों में एक-एक प्रत्याशी ही होने के कारण वहां निर्विरोध चुनाव हो गया। पहले चरण में करीब 20600 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं जहां साढ़े सात हजार से अधिक मतदान बूथों पर करीब 57 लाख 50 हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित