जयपुर , सितंबर 10 -- राजस्थान के नगरीय निकाय चुनाव में दूसरे चरण में 147 निकायों में मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुक्रवार सुबह सात बजे शुरु होगा।

दूसरे चरण में 147 नगर निकायों में छह नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगर पालिकाओं में सुबह सात बजे से सायं छह बजे तक मतदान होगा। दूसरे चरण में जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, अजमेर एवं पाली नगर निगम के लिए मतदान होगा।

राज्य निकायों के कुल 10 हजार 245 वार्डों में दूसरे चरण में 4774 वार्डों में चुनाव होगा जबकि 45 वार्डों में एक-एक प्रत्याशी ही होने के कारण वहां निर्विरोध चुनाव हो गया।

दूसरे चरण में 18 हजार 266 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं जहां नौ हजार 758 मतदान बूथों पर 87 लाख 60 हजार 884 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक चुनाव कराने के लिए सभी मतदान बूथों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गयी है और इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित